चंदवा़ पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पलामू दौरे के क्रम में चंदवा के गायत्री मंदिर मोहल्ला स्थित भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता के आवास पर रुके. यहां विधायक प्रकाश राम, पूर्व विधायक हरे कृष्णा सिंह, जिलाध्यक्ष बंशी यादव, मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह और विनय वर्मा ने उनका भव्य स्वागत किया. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में केंद्र सरकार सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है़ उन्होंने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार लोकलुभावन वादों के सहारे सत्ता में आयी, लेकिन इसने भाजपा सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं को बंद कर दिया. महिलाओं के नाम मात्र एक रुपये में होने वाली 50 लाख तक की भूमि रजिस्ट्री और किसानों के हित की योजनाएं बंद कर दी गयीं. ऋण माफी के नाम पर किसानों को ठगा गया. चुनाव आते ही सरकार को मइया-बप्पा याद आने लगते हैं. मइयां सम्मान योजना के तहत सभी पात्र महिलाओं को 2500 रुपये देने की घोषणा की गयी थी, लेकिन अब विभिन्न बहाने बनाकर लाभुकों की संख्या घटायी जा रही है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया. उन्होंने प्रदेश में चल रहे एसआइआर कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा कमल सहयोग समितियों के माध्यम से लोगों को फॉर्म भरने में सहयोग करने का आह्वान किया. विधायक प्रकाश राम ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद विकास में पीछे है. जिले में कार्यरत बड़े कॉरपोरेट घरानों के सीएसआर फंड का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है. कार्यक्रम के दौरान सीसीएल की ओर से 30 महिलाओं के बीच सिलाई मशीनों का वितरण किया गया. संचालन आदर्श रविराज ने किया. मौके पर दीपक निषाद, शिकेश्वर यादव, छोटू राजा, प्रेम शंकर भगत, महेंद्र प्रसाद साहू सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.