Jamshedpur News : राष्ट्रपति के दौरे को लेकर युद्धस्तर पर तैयारियां, नये सिरे से तैयार हो रहा मरीन ड्राइव

Jamshedpur News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को शहर आने वाली हैं. इसको लेकर शहर तैयार होने लगा है.

By RAJESH SINGH | February 14, 2026 1:10 AM

Jamshedpur News :

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को शहर आने वाली हैं. इसको लेकर शहर तैयार होने लगा है. लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति का दौरा होने वाला है और वे कदमा के अनिल सुर पथ के मोड़ पर मरीन ड्राइव के किनारे श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के मंदिर और स्पिरिचुअल सेंटर का शिलान्यास करेंगी. ऐसे में पूरे एरिया को नये सिरे से बनाया जा रहा है. जमीन का समतलीकरण किया जा रहा है. कदमा के मरीन ड्राइव एरिया की सड़क को नये सिरे से बनाया जा रहा है. कदमा क्षेत्र की ओर आने-जाने वाली सड़कों को बनाया जा रहा है. बताया जाता है कि सड़क मार्ग से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोनारी एयरपोर्ट से होते हुए अनिल सुर पथ से होकर गुजरेंगी. हालांकि, राष्ट्रपति की सुरक्षा की टीम के आने के बाद ही सड़क और मूवमेंट को फाइनल किया जायेगा, लेकिन फिलहाल तैयारी की गयी है. मरीन ड्राइव के बीच में स्थानीय बस्तीवासियों द्वार लगाये गये मोरिंगा के सारे पेड़ को भी हटा दिया गया. पूरे एरिया के डिवाइडर को भी बनाया जा रहा है. ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी और आरएसबी समूह के एमडी एसके बेहरा ने कहा कि श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा ट्रस्ट के इस निर्माण से न केवल इस इलाके का विकास होगा, बल्कि यह श्रद्धालुओं के लिए आस्था एक प्रमुख केंद्र बनेगा.