Jamshedpur News : मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना की स्थिति पर सरयू राय ने अपर नगर आयुक्त से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के नवनियुक्त अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव को पत्र लिखकर मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी मांगी है.
By RAJESH SINGH |
June 11, 2026 12:45 AM
मानगो नगर निगम के नवनियुक्त अपर नगर आयुक्त को विधायक ने लिखा पत्र
Jamshedpur News :
जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के नवनियुक्त अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव को पत्र लिखकर मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी मांगी है. उन्होंने इंटेकवेल, मोटरों, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, जल शोधन व्यवस्था तथा विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल उठाये हैं. पत्र में उन्होंने पूछा है कि प्रतिदिन नदी से कितना पानी खींचकर शोधन संयंत्र तक पहुंचाया जाता है, टंकियों से किन क्षेत्रों में कितनी देर तक जलापूर्ति होती है तथा किन इलाकों में पाइपलाइन बिछने के बावजूद पानी नहीं पहुंच रहा है. उन्होंने रात में होने वाली जलापूर्ति, जल टैंकरों की संख्या और उनके संचालन क्षेत्रों की जानकारी भी मांगी है. सरयू राय ने बालीगुमा टंकी तक एनएच-33 के रास्ते पाइपलाइन बिछाने की प्रगति, पानी नहीं मिलने के बावजूद उपभोक्ताओं को बिल भेजे जाने की शिकायतों तथा इंटेकवेल में जमा बालू हटाने और सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य की स्थिति पर भी जवाब मांगा है. विधायक ने पेयजल परियोजना के डीपीआर के लक्ष्य, उसकी उपलब्धि, जल संरचनाओं की सफाई व्यवस्था तथा विधायक निधि एवं जिला योजना से स्वीकृत योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की है. उन्होंने कहा कि नये अपर नगर आयुक्त को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि अधिकारियों द्वारा दी गयी जानकारी और जमीनी हकीकत में कितना अंतर है.
...