jamshedpur news : जुगसलाई में अस्थायी रूप से कॉलेज संचालन की तैयारी शुरू
विधायक मंगल कालिंदी के सुझाव पर केयू की पहल
jamshedpur news : कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू) की छठी सीनेट बैठक के दौरान जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी द्वारा रखे गये प्रस्ताव पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सकारात्मक कदम उठाया है. विधायक ने क्षेत्र में महाविद्यालय के स्थायी भवन निर्माण होने तक किसी उपयुक्त विद्यालय भवन में अस्थायी रूप से कॉलेज संचालित करने का सुझाव दिया था. इस महत्वपूर्ण सुझाव पर गंभीरता से विचार करते हुए केयू की कुलपति प्रो. (डॉ) अंजिला गुप्ता ने 44वीं शैक्षणिक परिषद (एकेडमिक काउंसिल) की बैठक के दौरान बड़ा फैसला लिया. कुलपति ने प्रस्तावित विद्यालय भवन की उपयुक्तता, कमरों की संख्या और उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं के भौतिक आकलन के लिए तत्काल एक उच्च स्तरीय निरीक्षण समिति (इंस्पेक्शन कमेटी) गठित करने का निर्णय लिया है. यह समिति शीघ्र ही जुगसलाई क्षेत्र का दौरा कर चिह्नित स्थलों का निरीक्षण करेगी और अपनी विस्तृत रिपोर्ट विश्वविद्यालय को सौंपेगी. विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारी है कि समिति की रिपोर्ट मिलते ही इसी शैक्षणिक सत्र से नामांकन (एडमिशन) की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाये, ताकि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े.
