00 शहर में आवारा कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण अभियान जल्द होगा शुरू

शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या और आये दिन होने वाली घटनाओं से निपटने के लिए जेएनएसी ने जल्द ही कुत्तों का नसबंदी और टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रही है.

By ASHOK JHA | May 5, 2026 10:44 PM

– जेएनएसी ने छह सदस्यीय टीम का गठन किया, विशेष वाहन व प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की

– सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल केंद्र में विशेषज्ञों की देखरेख में किया जायेगा कार्य

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

शहर में आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण अभियान जल्द शुरू होगा. जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के पशु चिकित्सा पदाधिकारी सागर हांसदा के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम का गठन किया गया है. अभियान के लिए एक विशेष वाहन और प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है. जेएनएसी कार्यालय से उप नगर आयुक्त विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. अभियान के तहत कुत्तों को पकड़कर सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल केंद्र ले जाया जायेगा. यहां विशेषज्ञों की देखरेख में नसबंदी की जायेगी और रेबीज से बचाव के लिए टीके लगाये जायेंगे. नसबंदी और टीकाकरण के बाद कुत्तों को उसी इलाके में छोड़ा जायेगा, जहां से उन्हें पकड़ा जायेगा. अभियान के पहले चरण में उन इलाकों को प्राथमिकता दी जायेगी, जहां कुत्तों के काटने या उनकी संख्या बढ़ने की सबसे अधिक शिकायतें मिल रही हैं.

पालतू कुत्ता या बिल्ली की रजिस्ट्रेशन जरूरी, नहीं तो लगेगा जुर्माना

जेएनएसी क्षेत्र में अब पालतू कुत्ता या बिल्ली के लिए रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य कर दिया गया है. ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है. पंजीकरण शुल्क 100 रुपये रखा गया है. रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन के साथ दस्तावेज जमा करना होगा. जिसमें पालतू जानवर की दो पासपोर्ट साइज फोटो, जानवर का अपडेटेड वैक्सीनेशन कार्ड (टीकाकरण कार्ड), मालिक का आधार कार्ड और आवासीय प्रमाणपत्र जमा करना होगा.