Jamshedpur News : जमशेदपुर में 5.71 लाख मतदाताओं की मैपिंग बाकी, 2.67 लाख वोटरों के डेटा में गड़बड़ी

पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाताओं की मैपिंग और वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने का काम सुस्त रफ्तार से चल रहा है.

By RAJESH SINGH | June 13, 2026 10:22 PM

बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र का प्रदर्शन सबसे बेहतर, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र मैपिंग के मामले में सबसे फिसड्डी

Jamshedpur News :

पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाताओं की मैपिंग और वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने का काम सुस्त रफ्तार से चल रहा है. निर्वाचन विभाग की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक जिले के कुल 19 लाख 07 हजार 192 मतदाताओं में से अब तक केवल 13 लाख 35 हजार 790 वोटरों की ही मैपिंग हो सकी है. जिले में अब भी 5 लाख 71 हजार 402 मतदाताओं की मैपिंग बाकी है, जो कुल मतदाताओं का करीब 30 प्रतिशत है. इसके अलावा जिले के 2 लाख 67 हजार 575 मतदाताओं के डेटा में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां पायी गयी हैं, जिसे सुधारना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है.विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति की बात करें, तो जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र मैपिंग के मामले में सबसे फिसड्डी साबित हुआ है. यहां कुल 3 लाख 41 हजार 133 मतदाताओं में से केवल 47.41 प्रतिशत (1 लाख 61 हजार 721) वोटरों की ही मैपिंग हो पायी है, जबकि 1 लाख 79 हजार 412 वोटर अनमैप्ड हैं. वहीं जमशेदपुर पश्चिमी क्षेत्र में 57.05 फीसदी मैपिंग हुई है और यहां 1 लाख 68 हजार 558 मतदाताओं की मैपिंग लंबित है.इसके विपरीत बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है, जहां 93.65 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है. घाटशिला में 85.89 प्रतिशत, पोटका में 77.25 प्रतिशत और जुगसलाई में 72.3 प्रतिशत वोटरों की मैपिंग का काम पूरा किया जा चुका है. वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के मामले में पोटका विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है, जहां 59 हजार 798 मतदाताओं के डेटा में त्रुटियां हैं, जबकि जमशेदपुर पश्चिमी में 54 हजार 957 वोटरों के रिकॉर्ड में विसंगतियां मिली हैं.