Jamshedpur News : ज्ञान भारतम् मिशन : जिले की सांस्कृतिक धरोहरों व पांडुलिपियों को ऑनलाइन करने का काम शुरू

पूर्वी सिंहभूम जिले की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहरों और दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए ज्ञान भारतम् मिशन के तहत कार्य शुरू कर दिया गया है.

By RAJESH SINGH | June 9, 2026 10:16 PM

जिले से प्राचीन वस्तुओं, ऐतिहासिक दस्तावेजों और पांडुलिपियों की जुटायी जा रही जानकारी

Jamshedpur News :

पूर्वी सिंहभूम जिले की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहरों और दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए ज्ञान भारतम् मिशन के तहत कार्य शुरू कर दिया गया है. हालांकि अभियान की प्रगति अभी अपेक्षाकृत धीमी है. मिशन को गति देने के लिए जिले के सभी 11 प्रखंडों, अंचलों और अनुमंडलों से प्राचीन वस्तुओं, ऐतिहासिक दस्तावेजों और पांडुलिपियों की जानकारी जुटायी जा रही है, जिसे एप के माध्यम से अपलोड किया जायेगा.अभियान के तहत जिले में उपलब्ध महत्वपूर्ण ज्ञान संसाधनों, ऐतिहासिक दस्तावेजों और दुर्लभ पांडुलिपियों का सर्वेक्षण एवं सूचीकरण किया जायेगा. इससे ऐतिहासिक धरोहरों की पहचान और उनका व्यवस्थित अभिलेखीकरण संभव हो सकेगा.

मिशन का प्रमुख उद्देश्य दुर्लभ पांडुलिपियों और अभिलेखों का डिजिटलीकरण कर उन्हें सुरक्षित रखना है. इससे इन धरोहरों का दीर्घकालिक संरक्षण सुनिश्चित होगा और शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों तथा आम लोगों के लिए इन तक पहुंच आसान बनेगी.

प्रशासन ने की आमजन से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और पुस्तकालयों के सहयोग से अभियान को आगे बढ़ा रहा है. साथ ही लोगों से अपील की गयी है कि यदि उनके पास कोई ऐतिहासिक महत्व की पांडुलिपि, दस्तावेज या सांस्कृतिक धरोहर हो तो उसकी जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं.

कोट…

जिले में समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और पांडुलिपियों के संरक्षण का काम शुरू कर दिया गया है. जिले की प्राचीन धरोहरों और पांडुलिपियों की जानकारी नये सिरे से एप के माध्यम से भेजी जायेगी. पूर्व में भी जिले की कई महत्वपूर्ण धरोहरों की जानकारी सरकार को उपलब्ध करायी जा चुकी है.

रुपा रानी तिर्की, नोडल पदाधिकारी सह जिला पर्यटन पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूमB