Jamshedpur news. कारीगरों, शिल्पकारों एवं हस्तशिल्प से जुड़े समुदायों को मिलेगा साझा मंच

साकची के विश्वकर्मा प्वाइंट में ''जमशेदपुर हाट'' निर्माण कार्य का उपायुक्त ने किया शिलान्यास

By PRADIP CHANDRA KESHAV | September 27, 2025 7:16 PM

बोड़ाम प्रखंड के अंधार झोर गांव के वाद्य यंत्र निर्माताओं व शिल्प एवं क्रॉफ्ट उत्पाद भी शामिल होंगे

Jamshedpur news.

साकची स्थित विश्वकर्मा प्वाइंट परिसर में ””जमशेदपुर हाट”” निर्माण कार्य का शिलान्यास उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने किया. पूर्वी सिंहभूम जिले के कारीगरों और शिल्पकारों की आजीविका संवर्धन एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने तथा बाजार तक सीधी पहुंच स्थापित करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है. इस अवसर पर डीडीसी नागेंद्र पासवान, एडीसी भगीरथ प्रसाद, जेएनएसी उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार एवं धालभूम के एसडीओ चंद्रजीत सिंह मौजूद रहे. जमशेदपुर हाट का उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों के कारीगरों, शिल्पकारों एवं हस्तशिल्प से जुड़े समुदायों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विपणन कर सकेंगे. इसमें बोड़ाम प्रखंड के अंधार झोर गांव के वाद्य यंत्र निर्माताओं के साथ-साथ जिले के अन्य कारीगरों के शिल्प एवं क्राफ्ट उत्पाद भी शामिल होंगे. इस पहल से पारंपरिक कारीगरी और स्थानीय हस्तशिल्प को न केवल पहचान मिलेगी, बल्कि युवाओं और महिलाओं को भी स्व-रोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा सकेगा.

उपायुक्त ने कहा कि ””जमशेदपुर हाट”” स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के लिए आजीविका संवर्धन का मजबूत माध्यम बनेगा. इससे उन्हें अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर बाजार की सुविधा उपलब्ध होगी. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस कदम उठाए जायें. उत्पादों के विपणन, प्रशिक्षण एवं आधुनिक तकनीक से कारीगरों को जोड़ने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किये जायेंगे. राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस पहल से जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा मिले और ग्रामीण इलाकों से जुड़ी प्रतिभाओं को नये अवसर प्राप्त हों.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है