डिजिटल जनगणना 2027 : मानगो और जमशेदपुर में मास्टर ट्रेनर्स ने संभाली कमान, ट्रेनिंग का खाका तैयार

भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं. जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड की ओर से जारी सूची के अनुसार मानगो नगर निगम और जेएनएसी में फील्ड ट्रेनर्स का चयन कर लिया गया है.

By ASHOK JHA | April 7, 2026 9:47 PM

मोबाइल ऐप और मैप से लैस होंगे प्रगणक

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं. जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड की ओर से जारी सूची के अनुसार मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) में फील्ड ट्रेनर्स का चयन कर लिया गया है. पहली बार पूरी प्रक्रिया मोबाइल ऐप के जरिये संपन्न होगी.

दो चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया

झारखंड में जनगणना का कार्य व्यवस्थित तरीके से दो मुख्य चरणों में संपन्न होगा. पहले चरण में मकानों की सूचीकरण होगी. यह प्रक्रिया अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच चलेगी. दूसरे चरण में मुख्य जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में शुरू होगा. जमशेदपुर और मानगो जैसे तेजी से बढ़ते शहरों के लिए ””””अर्बन एग्लोमेरेशन”””” और ””””आउटग्रोथ”””” का निर्धारण इस बार प्राथमिकता है. जो वैधानिक सीमा से बाहर हैं पर शहरी सुविधाओं से लैस हैं. उन्हें आउटग्रोथ के रूप में चिह्नित किया गया है.

मास्टर ट्रेनर्स की देखरेख में होगा प्रशिक्षण

मानगो नगर निगम के 12 फील्ड ट्रेनर्स को 15 से 17 अप्रैल तक सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद और दिलीप कुमार प्रशिक्षण देंगे. वहीं जमशेदपुर के 74 फील्ड ट्रेनर्स को मास्टर ट्रेनर सुदीप्त राज और दिलीप कुमार द्वारा प्रशिक्षित किया जायेगा. तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण में पहले दिन कानूनी पहलुओं और मैप तैयार करने, दूसरे दिन मोबाइल ऐप के 34 सवालों और डेटा सुरक्षा तथा तीसरे दिन फील्ड विजिट के जरिए वास्तविक डेटा कलेक्शन का अभ्यास कराया जायेगा.