हरिदेवी रेफरल अस्पताल में मंगलवार को आयोजित एएनसी शिविर में 140 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गयी. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार सिन्हा की उपस्थिति में डॉ. संजय कुमार मिश्रा ने गर्भवती महिलाओं की जांच की. डॉ. संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शिविर में पहुंची सभी गर्भवती महिलाओं की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गयी. जांच के दौरान यूरीन, हीमोग्लोबिन, बीपी, एचआइवी, वजन, ब्लड शुगर सहित आवश्यकतानुसार अन्य चिकित्सीय परीक्षण किये गये. शिविर में सभी गर्भवती महिलाओं को आयरन की गोलियां, सुक्रोज इंजेक्शन तथा अन्य आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गयी. साथ ही उन्हें गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों और पोषण संबंधी दिशा-निर्देश भी दिये गये. चिकित्सकों ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य एवं खानपान पर विशेष ध्यान देने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा भोजन करने से पूर्व साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने की सलाह दी. भीषण गर्मी को देखते हुए ओआरएस घोल का नियमित सेवन करने की भी सलाह दी गयी. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रत्येक माह की 9 तारीख को अस्पताल में विशेष एएनसी शिविर आयोजित किया जाता है, जिसमें गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध करायी जाती हैं. उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सहियाओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल लाया जाता है, ताकि उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें. उन्होंने महिलाओं को आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकों से परामर्श लेने और नियमित जांच कराने की सलाह भी दी. इस अवसर पर लिपिक सुधीर कुमार मुर्मू, सेवानिवृत्त प्रधान सहायक विनय कुमार सिन्हा, नर्स प्रिया कुमारी, सुशीला कुमारी, प्रियंका कुमारी, राजीव कुमार महतो, मनोज कुमार, जितेंद्र महतो, धर्मराज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.