महागामा थाना क्षेत्र के नया नगर गांव में पुलिस प्रशासन की ओर से जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीपीओ वरुण रजक ने किया. जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे. इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीपीओ वरुण रजक ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन ठगी तथा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ किया जागरूकजन चौपाल के दौरान डायन प्रथा, बाल विवाह, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति तथा समाज में व्याप्त अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया गया. एसडीपीओ ने कहा कि सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने में समाज की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है. महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी ग्रामीणों को दी गयी.