आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हनवारा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इसी क्रम में थाना प्रभारी ध्रुव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च हनवारा, कोयला, नरैनी, परसा, रामकोल मिल्की, सियादपुर, बिशनपुर एवं सुंदचक सहित कई गांवों और बाजार क्षेत्रों में किया गया. इस दौरान पुलिस जवानों ने संवेदनशील इलाकों में पैदल भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा आपसी भाईचारा एवं शांति बनाये रखने की अपील की. थाना प्रभारी ध्रुव कुमार सिंह ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए क्षेत्र में लगातार गश्ती, निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों से बातचीत कर सहयोग की अपील की. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.