Giridih News : युवतियों से छेड़खानी, दो युवक हिरासत में
Giridih News : नगर थाना क्षेत्र के अरगाघाट की घटना
Giridih News : गिरिडीह. नगर थाना क्षेत्र के अरगाघाट में मंगलवार की देर शाम युवतियों के साथ छेड़खानी और अभद्र भाषा के प्रयोग का मामला सामने आया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपी युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाना ले गयी. घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली गयी है. जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम दो युवतियां अरगाघाट सड़क से गुजर रही थीं. इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और युवतियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे. युवतियों के विरोध करने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गये और दोनों युवकों को पकड़ लिया. आक्रोशित भीड़ ने युवकों की पिटाई शुरू कर दी. घटना की सूचना पर नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. मामले को लेकर नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था. दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले की जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
