Giridih News :जमीन विवाद में दो पक्ष भीड़े, पांच घायल

Giridih News :झलकडीहा पंचायत के धावाटांड़ में जमीन की दावेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस दौरान हुई पत्थरबाजी में दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हुए हैं.

By PRADEEP KUMAR | February 7, 2026 11:14 PM

बेंगाबाद पुलिस के मोर्चा संभालने के बाद माहौल शांत हुआ. घायलों को इलाज के लिए बेंगाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इधर, दोनों पक्षों ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले पर नजर बनाये हुए है. एक पक्ष के अनवर शेख उर्फ गुड्डू ने कहा है कि धावाटांड़ में उसके परदादा के नाम खतियानी जमीन है. इसके दावेदार हिस्सेदारों के बीच पूर्व में बंटवारा हो चुका है. शनिवार को अपने हिस्से की जमीन पर ट्रेंच कटवाने के दौरान गुलजार शेख की तरफ से दो दर्जन से अधिक लोग वहां पहुंच गये और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे. बीच-बचाव में जब उसका भतीजा बबलू शेख वहां पहुंचा तो उसे भी बेरहमी से पिटाई कर घायल कर दिया. उसने मारपीट के दौरान जानलेवा हमला करने व पाॅकेट से रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है. दूसरे पक्ष के मो ताज का कहना है कि बंटवारे के बाद भी अनवर शेख उसके जमीन पर जबरन कब्जा करने के लिए ट्रेंच कटवा रहे थे. आपत्ति जताने पर अनवर शेख पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी. इसमें मो ताज के अलावा नसीम शेख और अब्दुल हकीम भी घायल हुए हैं.