Giridih News :ट्रैक्टर का डाला पलटा, कोई हताहत नहीं
Giridih News :अहिल्यापुर थाना के पास तीखे मोड़ पर गुरुवार को एक गोबर लदा ट्रैक्टर बेकाबू होने से उसका डाला पलट गया. हालांकि इस घटना से जानमाल की किसी तरह की कोई हानि नहीं हुई है.
By PRADEEP KUMAR |
March 26, 2026 10:50 PM
बताया जाता है कि ट्रैक्टर उदनाबाद से गोबर लोडकर अहिल्यापुर गांव की ओर जा रहा था, इसी दौरान अहिल्यापुर थाना के पास तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर का डाला पलट गया. थाना प्रभारी गुलाम गौस हुस्सामी ने बताया कि अनियंत्रित होने के कारण यह घटना घटी थी. ड्राइवर को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की हिदायत दी गयी है.
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
डुमरी थानांतर्गत डुमरी-गिरिडीह पथ के जामतारा ओवरब्रिज के समीप गुरुवार को बोलेरो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. इसमें बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद बोलेरो चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया. इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ले जाया गया. घायल दोनों युवक डुमरी हेठटोला निवासी कृष्णा कुमार और अंकित कुमार बताये जाते हैं. दोनों युवक बाइक से डुमरी से अपनी मौसी के घर मधुबन जा रहे थे. इसी दौरान उक्त स्थान पर एक बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को धनबाद रेफर कर दिया गया. घटना में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है.
...