Giridih News :पेयजलापूर्ति के लिए लगाये गये तीन सोलर प्लेट चोरी, सभी बरामद

Giridih News :प्रखंड की चरघरा पंचायत के कुबरी गांव के आदिवासी टोला में चोरों ने नल जल योजना के तहत लगाये गये स्ट्रक्चर से तीन सोलर प्लेट की चोरी कर ली. ग्रामीणों की सजगता से तीनों प्लेट बरामद हो गये.

By PRADEEP KUMAR | February 28, 2026 10:57 PM

ग्रामीणों ने इस मामले को गंभीरता से लिया और गांव में इसकी खोजबीन करने लगे. इस दौरान गांव के राजकुमार मुर्मू के अबुआ आवास की छत पर एक प्लेट रखे मिले. ग्रामीण बासुदेव यादव, कार्तिक मांझी, बिनोद मुर्मू, टहल ठाकुर, धनराज प्रसाद यादव, मुरलीकांत वर्मा व डीलो हांसदा ने स्थानीय पुलिस को आवेदन देते हुए गांव में हुई सोलर प्लेट की चोरी के मामले का उद्भेदन करने की मांग की.

एक आरोपित पुलिस हिरासत में

पुलिस ने राजकुमार मुर्मू की छत से चोरी हुई एक प्लेट बरामद कर लिया है. साथ ही राजकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इस दौरान ग्रामीणों ने टहल शर्मा के खलिहान में बिचाली से ढंककर रखा दो सोलर प्लेट भी बरामद कर लिया. जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने कहा कि ग्रामीणों के आवेदन पर हिरासत में लिए गये राजकुमार की गतिविधि की जांच की जा रही है. इधर, पेयजल व स्वच्छता प्रमंडल के कनीय अभियंता ने बताया कि पिछले दिनों कई गांव में सोलर प्लेट की चोरी हुई है. उन्होंने सभी ग्राम स्वास्थ्य समिति को सोलर प्लेट की चोरी की जानकारी देने का निर्देश दिया है, ताकि इसकी स्थानीय पुलिस को दी जाये और कार्रवाई की जा सके.