Giridih News :हर-हर शंभु के जयकारे से गूंजे शिवालय

Giridih News :महाशिवरात्रि के अवसर परदेवरी प्रखंड के शिवालय हर-हर शंभु के जयकारे से गूंज उठे. श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर दिखा.

By PRADEEP KUMAR | February 15, 2026 10:01 PM

देवपहाड़ी स्थित शिव मठ, चतरो (घासीडीह) स्थित लकड़गढ़ा, गुनियाथर जीरानाथ, बेलकुशी, तिलयडीह स्थित सत्येश्वर, विजरापुर स्थित महादेव पहाड़ी, मानिकबाद स्थित कष्टहरण व भोजपुरो स्थित मुरली पहाड़ी मंदिर सहित कुंडेलवा, नावाडीह, जलखरियोडीह के शिवालयों में अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी. दिन भर मंदिर में श्रद्धालुओं का आना जाना व पूजा अर्चना करने का दौर चलता रहा.

देवपहाड़ी में हुआ भगवान भोलेनाथ सहस्त्र घट अभिषेक

महाशिवरात्रि के अवसर पर देवपहाड़ी शिव मठ में महंत गौरवानंद जी महाराज के नेतृत्व में भगवान भोलेनाथ का सहस्त्र घट अभिषेक हुआ. इसमें हजार कलश का जल अर्पित किया गया. सहस्त्र घट अभिषेक में भाग लेने को लेकर श्रद्धालु उत्साहित दिखे.

बिरनी के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी

महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को बिरनी प्रखंड के पड़रिया, मट्ठा पहाड़ी शिव मंदिर, जीतकुंडी, कपिलो, सिमराढाब प्रखंड मुख्यालय समेत कई मंदिरों में सुबह से ही भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बिरनी प्रखंड के सुप्रसिद्ध मंदिर मट्ठा पहाड़ी शिव मंदिर, पडरिया शिवमंदिर व स्थानीय ग्रामीण शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. इस दौरान मंदिर परिसर में लगातार बज रहे भक्ति गीत व जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया. पं आचार्य महेश पांडेय ने बताया कि पड़रिया में महाशिवरात्रि पर विशेष शृंगार और पूजा का आयोजन किया गया. शाम को भगवान भोलेनाथ की भव्य बरात निकाली गयी व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव व माता पार्वती की शादी करायी गयी. इसमें पड़रिया के ग्रामीण राजदेव साव, कामेश्वर यादव, रामसहाय यादव, पप्पू मोदी, नरेश साव, अशोक साव, अनिस दास समेत कई लोगों की भूमिका अहम रहती है.