Giridih News :दो ओवरलोडेड हाइवा एसडीओ ने किया जब्त

Giridih News :अनुमंडल क्षेत्र खोरीमहुआ अंतर्गत अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है.

By PRADEEP KUMAR | February 14, 2026 11:11 PM

इसी दौरान शनिवार को एसडीओ अनिमेष रंजन के नेतृत्व में तथा सीओ धनवार यशवंत कुमार सिन्हा की उपस्थिति में धनवार थानांतर्गत खोरीमहुआ चौक पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान ओवरलोडेड दो हाइवा वाहनों को रोक कर सघन जांच की गयी. वाहन पर पत्थर लदे थे.

वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका

जब्त वाहनों (जेएच01सीके8225 एवं जेएच02बीएल 5454) की जांच के दौरान वाहन चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध चालान, ई-चालान, माइनिंग परमिट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मांग की गयी, पर चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. प्रथम दृष्टया मामला अवैध खनिज परिवहन एवं ओवरलोडिंग का प्रतीत होने पर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया. दोनों वाहनों को थाना प्रभारी को सुपुर्द कर दिया गया. एसडीओ ने कहा कि प्रशासनिक स्तर से छापेमारी नियमित जारी रहेगी. सीओ ने बताया कि ओवरलोडिंग और बिना वैध कागजात के खनिज परिवहन न केवल गैरकानूनी है, बल्कि सड़क सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है. खनन अधिनियम एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है और आगे भी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी. मौके पर धनवार थाना की पुलिस बल भी मौजूद थे.