Giridih News :अवैध क्रशर पर छापा, पत्थर लदा हाइवा जब्त

Giridih News :गावां थाना क्षेत्र की पसनौर पंचायत के केंदुआडीह में संचालित अवैध पत्थर क्रशर के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. गुरुवार को जिले के प्रभारी डीएमओ सह माइनिंग इंस्पेक्टर परमेश्वर उरांव व गावां के प्रभारी सीओ अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से बासुदेव स्टोन चिप्स नामक क्रशर पर छापेमारी की. छापेमारी में अवैध पत्थर लगा एक हाइवा को गावां मोड़ के पास से जब्त किया गया.

By PRADEEP KUMAR | May 14, 2026 11:28 PM

जानकारी के अनुसार केंदुआडीह में बिना लाइसेंस के क्रशर संचालन की सूचना मिलने पर करीब छह नवंबर 2025 को माइनिंग इंस्पेक्टर ने संचालक के खिलाफ खनिज के अवैध भंडारण का मामला गावां थाना में दर्ज कराया था. हालांकि, कानूनी कार्रवाई के बावजूद डीएमओ को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि क्रशर पर काम बंद नहीं हुआ है. इसी शिकायत की पुष्टि के लिए गुरुवार को पुनः जांच की गयी.

जांच में बढ़ा मिला स्टॉक, पकड़ी गयी चोरी

अधिकारियों ने जब मौके पर पहुंचकर जांच की, तो क्रशर बंद पाया गया, लेकिन वहां पत्थर और गिट्टी का स्टॉक पिछली बार की तुलना में काफी अधिक मिला. इससे यह स्पष्ट हो गया कि एफआइआर दर्ज होने के बाद भी चोरी-छिपे क्रशर चलाया जा रहा था और भारी मात्रा में पत्थर का अवैध कारोबार किया जा रहा था.

पुलिस को सौंपा हाइवा

डीएमओ की नजर गावां मोड़ के पास पत्थर लदे हाइवा संख्या एमएन 01एए 3149 पर पड़ी. वाहन रोक कर जब चालक से बोल्डर ढुलाई के कागजात मांगे गये, तो कागजात पेश नहीं दिखा सका. इसके बाद डीएमओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाइवा को जब्त कर गावां थाना को सौंप दिया. प्रभारी डीएमओ ने बताया कि जब्त वाहन पर माइनिंग एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जायेगी.