Giridih News :आंधी-पानी से चरमरायी बिजली व्यवस्था, जलापूर्ति पर भी असर पड़ा

Giridih News :जिले के कई भागों में शुक्रवार की देर रात आयी आंधी-पानी से काफी बर्बादी हुई. बिजली आपूर्ति पर भी इसका व्यापक असर पड़ा है.

By PRADEEP KUMAR | March 28, 2026 10:40 PM

गिरिडीह कोयलांचल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति रात से लेकर शनिवार की दोपहर तक प्रभावित रही. इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण जलापूर्ति भी प्रभावित हुई है. जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को पेयजल के लिए समस्या हुई. शुक्रवार की रात करीब एक बजे के आसपास तेज आंधी और पानी के बाद बिजली गुल हो गयी. कोयलांचल क्षेत्र में ब्लैकआउट की स्थिति उत्पन्न हो गयी. बिजली के साथ-साथ पानी की समस्या के कारण पर्व पर लोगों को परेशानी हुई. बनियाडीह और आसपास के लोगों ने झरना और चापाकल से पानी का जुगाड़ किया. इस इलाके में कई चापाकल खराब है. इन चापाकलों में स्थानीय लोगों ने मोटर लगाया है, लेकिन बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण पानी नहीं मिला.

कोयला उत्पादन हुआ प्रभावित

इधर, बिजली बाधित होने से उत्पादन कार्य प्रभावित हुआ है. इस संबंध में सीसीएल बिजली विभाग के फोरमैन इंचार्ज दिलीप पासवान ने बताया कि आंधी-पानी के कारण डीवीसी से रात में बिजली बाधित रही. उन्होंने बताया कि आंधी की वजह से कोयलांचल क्षेत्र के भी कई इलाकों में बिजली तार टूट गया है. पेट्रोलिंग गश्त के माध्यम से तमाम प्रभावित इलाकों को पता लगाकर बिजली व्यवस्था सुदृढ़ किया गया. दोपहर से बिजली आपूर्ति सुचारू हो गयी है.