Giridh News :पिकअप वैन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, विरोध में सड़क जाम

Giridh News : झारखंड-बिहार की सीमा पर भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के बुधुवाडीह (चिलखरियोडीह) के पास सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बिहार के जमुई जिले के बेला बीचकोड़वा गांव निवासी फत्तू राय (48 वर्ष) के रूप में हुई.

By PRADEEP KUMAR | March 25, 2026 10:51 PM

घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने जमुआ-देवघर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. जानकारी के मुताबिक, फत्तू राय बुधवार की दोपहर देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बाजार से बेला गांव जा रहे थे. इसी क्रम में पिकअप वैन जेएच 10सीडब्ल्यू 4449 ने बुधवाडीह (सरौन बॉर्डर) के पास उन्हें धक्का मार दिया. फत्तू राय की मौके पर मौत हो गयी. सूचना पर देवरी सीओ श्यामलाल मांझी, भेलवाघाटी व देवरी के थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार व सोनू कुमार साहू, गुनियाथर के ओपी प्रभारी इस्माइल मरांडी व चकाई थाना के पुलिस अधिकारी दलबल के साथ पहुंचे और जाम हटाने के प्रयास में जुट गये. मृतक के परिजन भी बेला से घटनास्थल पर पहुंचे.

ग्रामीणों के विरोध का करना पड़ा सामना

जाम हटाने में जुटे पुलिस अधिकारियों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. आक्रोशित ग्रामीण पिकअप वैन के मालिक व चालक को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे. उनका कहना था कि पिकअप वैन के चालक ने लापरवाही से धक्का मारा है. उसने वाहन भगाने का भी प्रयास किया. सूचना पर खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया. एसडीपीओ के समझाने पर ग्रामीण सड़क से हटे. सड़क शाम चार बजे से सात बजे तक जाम रही. इसके बाद भेलवाघाटी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वैन जब्त कर ली गयी है. एसडीपीओ ने बताया कि सरकारी प्रावधान के मुताबिक पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जायेगा.