Giridih News :पेड़ से दबकर अधेड़ की मौत, एक घायल

Giridih News :बिरनी प्रखंड के बंगराकला टोला नावाडीह में शुक्रवार की शाम लगभग चार बजे पेड़ काटने के दौरान इससे दबकर कपिलो निवासी शहादत मियां (52) की मौत हो गयी. वहीं, बारीक अंसारी (45) गंभीर रूप से घायल हो गया.

By PRADEEP KUMAR | May 29, 2026 10:33 PM

घटना के बाद बारीक को ग्रामीण बेहतर इलाज के लिए धनबाद ले गये. घटना सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गयी. सूचना मिलते ही बिरनी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली.

फर्नीचर दुकानदार कटवा रहा था पेड़

बताया जाता है कि बंगराकला निवासी रंजीत राणा का फर्नीचर की दुकान है. दुकान में फर्नीचर बनाने के लिए नावाडीह में एक हरा शीशम का पेड़ खरीदा था. शहादत मियां व बारीक अंसारी शुक्रवार की शाम पेड़ काटने पहुंचे. शहादत पेड़ पर चढ़कर मोटा डाल काट रहा था. काटने के दौरान डाल बीच से फट गया और वह उसकी चपेट में आ गये. इससे उसकी मौत हो गयी. वहीं, पेड़ के नीचे खड़े बारीक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मुआवजा को ले वार्ता के लिे रणजीत राणा व शहादत अंसारी के परिवार ने चार लोगों का चयन किया. वार्ता में शामिल लोगों ने मुआवजा की रकम की जानकारी भीड़ को दी.

पांच लाख मुआवजा पर बनी सहमति

भाजपा नेता लक्ष्मण दास व भाकपा माले नेता इम्तियाज अंसारी ने लोगों से कहा कि पारिवारिक स्थिति को देखते हुए रणजीत राणा मृत शहादत मियां के परिवार को पांच लाख रुपये बतौर सहयोग देगा. घायल बारीक अंसारी को इलाज के लिए तत्काल एक लाख रुपये भी देगा. साथ ही इलाज के दौरान जो खर्च होगा, उसे देना होगा. इधर, थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने कहा कि पेड़ काटने के दौरान शहादत अंसारी की मौत हुई है, जबकि बारीक अंसारी घायल है. दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है. शव का पोस्टमार्टम में भेजने का प्रयास किया जायेगा.