Giridih News :बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में आंगनबाड़ी केंद्र की भूमिका अहम : कल्पना सोरेन

Giridih News :गांडेय विधायक कल्पना सोरेन मंगलवार को बेंगाबाद पहुंचीं. जिला प्रशासन की ओर से प्रखंड परिसर में आयोजित समारोह में पहुंची विधायक ने प्रखंड में 40 संसाधनयुक्त हुये आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया.

By PRADEEP KUMAR | June 16, 2026 10:20 PM

एचडीएफसी बैंक के सीएसआर पहल परिवर्तन के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में कराये गये कार्य और लगाये गये संसाधनों की जानकारी लेने के बाद विधायक ने समारोह को संबोधित करते हुए बैंक के कार्य की सराहना की. कहा आंगनबाड़ी केंद्रों को ेविकसित किये जाने से बच्चों के केंद्र पहुंचने में दिलचस्पी बढ़ेगी. विधायक ने कहा यह प्रयास बच्चों को बेहतर शिक्षा का माहौल देने, पोषण और सीखने के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में महती भूमिका निभायेगी. विधायक ने कहा कि इन केंद्रों में भवन का सौंदर्यीकरण, सोलर पावर सिस्टम, डिजिटल लर्निंग, आकर्षक वाल पेंटिंग, एलइडी स्क्रीन, बच्चों को बैठने के लिए फर्नीचर, शिक्षण सामग्री, स्वच्छता, पोषण सहित अन्य कार्य किये गये हैं, जिससे बच्चे स्वतः केन्द्र आने को प्रेरित होंगे. कहा गांव के बच्चे विद्यालय जाने के पूर्व अपनी मां से चीजों को सीखते हैं, इसके बाद उसे आंगनबाड़ी जाने का मौका मिलता है. बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में आंगनबाड़ी केंद्र की भूमिका अहम होती है. कहा माॅडल तरीके से नयी व्यवस्था बच्चों को लुभायेगी. बच्चों के लिए अच्छा वातावरण तैयार किया गया है जो सराहनीय है. कहा गांडेय विधानसभा के बेंगाबाद से इसकी शुरूआत होना अच्छी पहल है. उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को नियमित आंगनबाड़ी केंद्र भेजने की अपील की. कार्यक्रम में मैट्रिक की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विधायक ने सम्मानित किया.

विभिन्न विभागों के कर्मियों ने विधायक का किया स्वागत

इधर, विधायक के कार्यक्रम में आने के पूर्व प्रखंड व अंचल के अधिकारी व कर्मी जेएसएलपीएस की महिलाएं, झामुमो कार्यकर्ताओं की टीम स्वागत को लेकर कड़ी धूप के बाद भी डटे रहे. विधायक के आने के बाद जेएसएलपीएस की महिलाओं ने परंपरागत रीति रिवाज से उनका भव्य स्वागत किया. वहीं जमीन विवाद से परेशान रैयतों ने विधायक को ज्ञापन भी सौंपा. साथ ही कई अन्य ग्रामीणों ने भी अपनी-अपनी समस्या से संबंधित आवेदन विधायक को दिया. मौके पर मेयर प्रमिला मेहरा, प्रमुख मीना देवी, डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ बिमल कुमार, डीडीसी स्मृता कुमारी, बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू, सीओ आमिर हमजा, इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, बमबम सिंह, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, प्रखंड व अंचल के कर्मी तथा झामुमो नेताओं की मौजूद रहे.