Giridih News :सजने लगा ईद का बाजार, उमड़ने लगी भीड़

Giridih News :माहे रमजान अब उफान पर है. 18 रमजान बीत चुका है और अब बाजार में ईद की खरीदारी को ले भीड़ उमड़ने लगी है. अकीदतमंद रोजा-नमाज के साथ अब ईद की खरीदारी में भी जुट गये हैं.

By PRADEEP KUMAR | March 8, 2026 10:18 PM

ईद के मद्देनजर बाजार भी गुलजार हो गये हैं और दुकानों में खरीदारों की भीड़ भी उमड़ने लगी है. ईद की तैयारियों के बीच रविवार को शहर में ईद का बाजार गर्म रहा. एक तरफ जहां सेवई, रूमाल-टोपी, इत्र, शृंगार प्रसाधन, जूते-चप्पल व रेडीमेड कपड़ों की दुकान सजी थी तो दूसरी ओर दुकानों में खरीदारों की भीड़ भी दुकानों में उमड़ी. शहर के बड़ा चौक, गांधी चौक, मुस्लिम बाजार, मकतपुर, भंडारीडीह, स्टेशन रोड समेत विभिन्न इलाकों में ईद का बाजार चरम पर रहा. दुकानों में महिलाओं की भीड़ अत्यधिक रही. इधर, हुट्टी बाजार में रविवारीय हाट में भी ईद की खरीददारी को ले काफी चहल पहल रही.

ग्रामीण क्षेत्र में भी उत्साह

गांडेय, महेशमुंडा, अहिल्यापुर, बुद्धू डीह, कर मई, सलैया, राणा टांड़, तारा टांड़ समेत विभिन्न चौक-चौराहे व बाजार में ईद से जुड़े सामानों व कपड़ों की दुकानें सज चुकी हैं. अल्पसंख्यक समुदाय के लोग ईद की खरीदारी को ले बाजार में उमड़ने लगे हैं.