Giridih News :बाइक सवार दो बदमाशों ने रिवाल्वर के बल पर जेएनवी क्लर्क की कार व जेवरात लूटी

Giridih News :बाइक सवार सड़क लूटेरों ने रविवार की रात बेंगाबाद-चतरो मुख्य मार्ग पर पेसराटांड़ के पास रिवाल्वर सटाकर जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) गांडेय के क्लर्क जयकुमार प्रसाद की कार, जेवरात और मोबाइल लूट लिये. इसके पूर्व क्लर्क व उसके साथी की बदमाशों ने जमकर पिटायी कर दी.

By PRADEEP KUMAR | June 15, 2026 10:43 PM

पिटायी में क्लर्क का सिर फट गया. घटना को अंजाम देकर बदमाशों के भागने के बाद पीड़ित बेंगाबाद थाना पहुंचे. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा करते हुए सभी सड़कों पर छापेमारी शुरू की. साथ ही अन्य थानों के अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया. घटना के छह घंटे के अंदर पुलिस ने लूटी हुई कार को जमुआ थाना क्षेत्र से बरामद करने में सफलता पायी. हालांकि बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की छापेमारी जारी थी.

यह है मामला

बक्सर बिहार के परसिया गांव निवासी जयकुमार प्रसाद गांडेय के नवोदय विद्यालय में जेएसए के पद पर पदस्थापित हैं. 16 मई को उन्होंने नयी कार खरीदी थी. रविवार की शाम वे पचंबा थाना क्षेत्र के भंडारीडीह निवासी शहरयार अहमद के साथ गांडेय के मिर्जागंज सूर्यमंदिर घूमने निकले. रात के आठ बजे तक घूमने के बाद खाना खाकर दोनों कार से वापस गांडेय लौट रहे थे. बेंगाबाद के पेसराटांड़ नदी के पास गुजर रही एक ट्रक को साइड देने के लिए कार को धीमा किया. इस दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया और कार चला रहे जयकुमार को रिवाल्वर के बल पर कार को रुकवाने में सफल रहे. कार रुकते ही बाइक सवार युवक ने जयकुमार की पिटाई कर दी. विरोध करने पर शहरयार को भी पीटा. रिवाल्वर के बट से हमला में जयकुमार का सिर फट गया. इस दौरान दोनों युवकों ने उनके पाॅकेट चेक किया. पैसा नहीं होने पर उनके हाथ से दो अंगूठी, गले से सोने की चेन और दोनों के पास से तीन मोबाइल को लूट लिया. बदमाशों ने कार की चाबी भी छीन ली और दोनों को सड़क किनारे छोड़कर एक बदमाश कार को जबकि दूसरा अपनी बाइक लेकर छोटकी खरगडीहा की ओर भाग गये. इसके बाद दोनों बेंगाबाद थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना पुलिस टीम छापेमारी में जुट गयी. वहीं, घायलों को बेंगाबाद के सरकारी अस्पताल में इलाज करवायी.

जांच में जुटी पुलिस टीम

सूचना पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की. पुलिस लोकेशन के आधार पर जमुआ पहुंच गयी, जहां सड़क किनारे खड़ी कार को बरामद कर लिया. हालांकि, बदमाशों का सुराग नहीं मिल पाया है. पुलिस बदमाशों व लूटे गये सामानों की बरामदगी में जुटी हुई है. थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि लूटी गयी कार को बरामद कर थाना लायी गयी है. पीड़ित के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है.