सेविकाओं ने गोदाम के ऑपरेटर अजीत कुमार पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है. बताया जाता है कि शनिवार को चौधरीबांध व बेको पंचायत के कई आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका अनाज लेने के लिए गोदाम पहुंची थीं. चौधरीबांध केंद्र की सेविका सारिका देवी ने बताया कि बिना वजन के अनाज दिया जा रहा था. वजन कर के अनाज देने की मांग करने पर ऑपरेटर ने अभद्र व्यवहार किया. कहा कि अनाज का वजन नहीं करेंगे. जानकारी देने पर जेएलकेएम नेता प्रेमचंद साहू पहुंचे. सूचना पर पहुंचे एमओ : इस बीच एमओ रूपेश कुमार भी पहुंचे और हो- हंगामा बढ़ता देख उन्होंने वजन कर अनाज उपलब्ध कराया. उन्होंने बताया कि तीन आंगनबाड़ी केंद्रों के मिले 475 किलो अनाज का दोबारा वजन कराने पर 63 किलो कम अनाज मिला. प्रेमचंद साहू ने कहा कि कम अनाज देने की हमेशा शिकायत मिलती है. एमओ ने कहा कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी. बता दें कि पिछले माह बिहारो के डीलर मनोज सिंह को गोदाम के एजीएम द्वारा अनाज कम भेजा गया था. शिकायत करने के बाद डीलर को पूरा अनाज दिया गया.