Giridih News :अवैध पत्थर खदान का संचालन के आरोप में चार गिरफ्तार, जेल

Giridih News :देवरी अंचल क्षेत्र की खटौरी पंचायत में अवैध पत्थर उत्खनन के मामले में हीरोडीह थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल दिया.

By PRADEEP KUMAR | May 10, 2026 10:57 PM

इसमें हीरोडीह थाना कांड सं 64/26 में आरोपी कोडरमा निवासी राजा सिंह उर्फ राज रंजन सिंह, कांड सं 63/26 में आरोपी किसगो निवासी मोहन सिंह उर्फ मदन मोहन सिंह, कांड सं 35/26 में आरोपी किसगो गांव निवासी रघु पासवान उर्फ अरविंद पासवान तथा कांड सं 136/25 में आरोपी अमझर निवासी मुन्ना बास्के उर्फ मुन्ना विनय बास्के शामिल हैं. हीरोडीह के थाना प्रभारी महेश चंद्र ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है.

शुक्रवार को हुई थी छापेमारी

प्रशासन को गिद्धा क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थर और खनिज उत्खनन की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर बीते शुक्रवार को देवरी के सीओ एवं हीरोडीह थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान अवैध खनन में उपयोग किये जा रहे वाहन को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की गयी. इस दौरान स्थल पर मौजूद कई लोग मौके से फरार हो गये. टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गिद्धा व कैलूटांड़ स्थित अवैध खनन क्षेत्र में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान तीन महिंद्रा ट्रैक्टर, एक पोकलेन मशीन एवं एक हाइवा को जब्त किये गये.