Giridih News :फीकी रहेगी मनरेगा कर्मियों की ईद व रामनवमी

Giridih News :इस बार मनरेगा कर्मियों की ईद व रामनवमी फीकी रहेगी. क्योंकि मनरेगा कर्मियों की जेब खाली हैं.

By PRADEEP KUMAR | March 19, 2026 10:54 PM

जिले में कहीं पांच, तो कहीं छह महीने से मनरेगा से जुड़े प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा सहायक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, रोजगार सेवक, बीएफटी व कंप्यूटर ऑपरेटर को मानदेय नहीं मिला है. गांडेय के बीपीओ अभिषेक कुमार, रोजगार सेवक मो रियाजुद्दीन आदि ने बताया कि पिछले छह माह से मनरेगा कर्मियों का मानदेय अटका हुआ है.

दो महीने से मजदूरी मद में भी नहीं हुआ है भुगतान

इधर, जॉब कार्डधारियों की मजदूरी भी दो माह से नहीं मिली है. मजदूरी मद में राशि का आवंटन नहीं हो रहा है और ना ही मटेरियल का भुगतान हो रहा है. बता दें कि गांडेय प्रखंड में 20-25 हजार जॉब कार्डधारी हैं, जिसमें छह-सात हजार मजदूर क्रियाशील भी हैं और उनका डिमांड भी हो चुका है. मजदूरी नहीं मिलने से जॉब कार्डधारी को पर्व में परेशानी हो रही है.

जेई व एई का आ गया मानदेय : बीडीओ

बीडीओ निसात अंजुम ने कहा कि मनरेगा से जुड़े जेई व एई का मानदेय आ गया है. अन्य मनरेगा कर्मियों के मानदेय व मजदूरी मद में भुगतान नहीं होने की सूचना है. हालांकि, मनरेगा कर्मियों के हड़ताल पर होने के कारण स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकती है.