Giridih News :बाइक-पिकअप वैन की सीधी टक्कर में एक की हुई मौत

Giridih News :पीरटांड़ थानांतर्गत चिरकी पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. दुर्घटना बाइक और पिकअप वाहन में सीधी टक्कर हुई थी. मृतक की पहचान जमुआटांड़ निवासी चेतलाल साव उर्फ मीनू (50) के रूप में हुई है.

By PRADEEP KUMAR | June 8, 2026 10:58 PM

जानकारी के अनुसार चेतलाल साव बाइक से चिरकी की ओर से मधुबन जा रहे थे. इसी दौरान डुमरी की ओर से आ रही एक पिकअप वैन और उनकी बाइक के बीच चिरकी पेट्रोल पंप के पास आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलने पर पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार पुलिस सदल बल मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सीएचसी पीरटांड़ पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया. बताया जाता है कि गिरिडीह सदर अस्पताल में इलाज के दौरान चेतलाल साव की मौत हो गयी.

दोनों वाहन किये गये जब्त

इधर, पुलिस क्षतिग्रस्त बाइक और पिकअप वैन को जब्त कर थाना ले गयी तथा मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद से गांव में शोक व्याप्त है. गिरिडीह में पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया जायेगा. थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है. दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.