Giridih News :भाजपा कार्यकर्ताओं का बेमियादी धरना 16 से

Giridih News :बिरनी प्रखंड की दलांगी पंचायत अंतर्गत दलांगी लेबरा में रामनवमी पर्व को लेकर निकलने वाले झंडा जुलूस मामले का निष्पादन अधिकारी नहीं कर पा रहे हैं. बिरनी में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी स्पष्ट तौर पर देखी जा रही है.

By PRADEEP KUMAR | March 9, 2026 11:25 PM

इस बाबत बगोदर के विधायक नागेंद्र महतो ने बीते दिनों झारखंड विधानसभा में इसे उठाया था. उन्होंने सदन में कहा था कि जब ताजिया मुख्य मार्ग से ले जाया जा सकता है, तो फिर रामनवमी झंडा जुलूस को मुख्य मार्ग से क्यों नहीं ले जाया जा सकता है. उसके बाद बिरनी प्रखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामला के अविलंब निष्पादन को लेकर रामनवमी के मद्देनजर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है.

केंद्रीय मंत्री, विधायक, डीसी, एसडीओ, एसडीपीओ को दिया आवेदन

इसे लेकर भाजपा के लोगों ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, बगोदर के विधायक, गिरिडीह के डीसी, बगोदर सरिया के एसडीओ व एसडीपीओ, बिरनी के सीओ व बिरनी थाना को आवेदन देकर मामला के अविलंब निष्पादन की मांग की है. कहा है कि निष्पादन नहीं होने पर भाजपा के लोग आगामी 16 मार्च से बिरनी प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना देंगे. यह जानकारी सांसद प्रतिनिधि ने दी. कहा कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण लेबरा दलांगी के रामनवमी झंडा जुलूस के विवाद का निष्पादन नहीं हो पाया है, जबकि एक सप्ताह के बाद रामनवमी का त्योहार आनेवाला है. कहा कि इसके अलावे भी कई मुद्दे हैं.

मामले का समाधान कर लिया जायेगा : एसडीपीओ

एसडीपीओ धनंजय राम ने कहा कि दलांगी लेबरा मामले की वस्तुस्थिति पर लगातार नजर बनी हुई है. जल्द ही मामले का समाधान कर लिया जायेगा.