प्रतिनिधि, बासुकिनाथ जरमुंडी प्रखंड कार्यालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंदन भगत ने की. इसमें सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्ष, प्रतिनिधि एवं सदस्यों ने भाग लिया. बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रमों एवं निर्धारित कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी गई. बीडीओ कुंदन भगत ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने स्तर पर अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान एवं मैपिंग कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही मतदान केंद्र एवं मतदान क्षेत्र से जुड़ना आवश्यक है. उन्होंने मतदाता सूची को पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों की सहभागिता पर जोर दिया तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने-अपने बीएलए-2 की सूची भी प्रशासन को सौंपी. मौके पर सांसद प्रतिनिधि जयप्रकाश मंडल, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना बास्की, कांग्रेस नगर अध्यक्ष रोहित रंजन, मताल बास्की, सत्येंद्र कुमार यादव, पप्पू सिंह, स्वरूप सिन्हा, प्रकाश यादव, उमेश यादव, भाजपा के मिथिलेश झा तथा प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी गिरेन्द्र यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे.