Dhanbad News: गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-बलियापुर मार्ग पर स्मार्ट सिटी के समीप रविवार की शाम एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलटने से करीब डेढ दर्जन लोग घायल हो गये. घायलों में महिलाओं की संख्या अधिक है. दो महिलाओं की हालत नाजुक बतायी जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गयी. आसपास के लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल एसएनएमएमसीएच पहुंचाया, जहां सभी का इलाज चल रहा है. कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया. घायलों में जामताड़ा जिले के चिरुडीह निवासी देवंती देवी, ननकी, इलू, फगुनिया, बिंदु कुमारी, अनिता, बसंती, अशांति, बसंती देवी, वरुणा देवी सहित 17 महिला और एक पुरुष शामिल हैं.
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वैन (जेएच01 बी 7996) बलियापुर की ओर से तेज गति में आ रहा था. गोविंदपुर स्थित स्मार्ट सिटी के समीप पहुंचते ही चालक वाहन नियंत्रण खो बैठा. इससे वैन सड़क किनारे पलट गया. इससे वाहन में सवार लोग गाड़ी के नीचे दब गये.