धनबाद से अरिंदम चक्रवर्ती की रिपोर्ट
Dhanbad News: धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र में पुराने थाना के समीप स्थित एक पीजी लॉज में कथित अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस को लॉज से कई आपत्तिजनक सामान और महिलाओं के श्रृंगार से संबंधित सामग्री मिली. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले वहां मौजूद दो युवक और दो युवतियां मौके से फरार हो गए. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, पुराने थाना के पास स्थित इकबाल अहमद के पीजी लॉज में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी. सूचना मिलने पर एसडीपीओ लीलेश्वर महतो, थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती, अजय सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई से पहले ही वहां मौजूद दो जोड़े युवक-युवती स्थानीय लोगों के साथ कथित रूप से धक्का-मुक्की कर वहां से फरार हो गए.
सीसीटीवी फुटेज की हो रही जांच
पड़ोसी ओम अग्रवाल के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटनाक्रम रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है. पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करने और फरार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. जांच के दौरान पुलिस ने लॉज के कमरों की तलाशी ली. वहां से कुछ आपत्तिजनक सामान और महिलाओं के उपयोग से जुड़ी सामग्री बरामद होने की बात पुलिस ने कही है.
लॉज को किया गया सील
पुलिस अधिकारियों ने पीजी लॉज के पीछे स्थित लॉज संचालक के आवास पर भी दबिश दी, लेकिन उस समय मकान मालिक वहां नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने लॉज के कमरों और मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर चाबी अपने कब्जे में ले ली. अगले आदेश तक लॉज को बंद कर दिया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी.
स्थानीय लोगों ने पहले भी जताई थी आपत्ति
स्थानीय लोगों का दावा है कि इस लॉज को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी. पड़ोसी ओम अग्रवाल ने बताया कि कुछ दिन पहले भी लॉज संचालक को आसपास रिहायशी इलाका होने का हवाला देते हुए किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि नहीं होने देने की चेतावनी दी गई थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार को सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी गई. कुछ लोगों ने एक युवक और युवती को रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों कथित रूप से हाथापाई करते हुए वहां से भाग निकले. इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें: ऑनर किलिंग मामले में भाई को आजीवन कारावास, साक्ष्य छिपाने के दोषी पिता को तीन साल की सजा
पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा
एसडीपीओ लीलेश्वर महतो ने बताया कि पुलिस को लॉज में कथित रूप से गलत गतिविधियों की सूचना मिली थी. छापेमारी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ है. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यदि जांच में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: धनबाद के गोल्डन वेडिंग पैलेस पर चलेगा निगम का बुल्डोजर, 15 दिन का मिला अल्टीमेटम
