धनबाद, गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे व धनबाद मंडल कारा में बंद सुदीश ओझा के इलाज को लेकर एसएनएमएमसीएच में शनिवार को मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया. अस्पताल प्रबंधन ने ऑर्थोपेडिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ विजय प्रताप की अध्यक्षता में बोर्ड बनाया है. यह बोर्ड 15 जून को सुदीश की विस्तृत चिकित्सीय जांच करेगा और उसकी स्थिति का आकलन करने के बाद आगे के इलाज को लेकर निर्णय लेगा. सुदीश को बुधवार को धनबाद जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच एसएनएमएमसीएच लाया गया है. पैर में बढ़ती तकलीफ की शिकायत के बाद ऑर्थो विभाग के चिकित्सकों ने जांच कर उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया है. गौरतलब है कि पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी. इसके बाद एक निजी अस्पताल में उसका ऑपरेशन किया गया था, जहां पैर में एक्सटर्नल फिक्सेटर लगाया गया था. सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में उसके पैर में दर्द और अन्य दिक्कतें बढ़ने लगी हैं. इसी कारण विशेषज्ञ चिकित्सकों की राय लेने के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है. बोर्ड मरीज की वर्तमान स्थिति, हड्डी के जुड़ने की प्रक्रिया, संक्रमण की संभावना तथा एक्सटर्नल फिक्सेटर की स्थिति का परीक्षण करेगा. जांच रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि मौजूदा उपचार जारी रखा जाए, फिक्सेटर में बदलाव किया जाए या किसी अन्य प्रकार की सर्जिकल प्रक्रिया की आवश्यकता है. उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सुदीश ओझा को दो बार इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच लाया गया था, जहां ओपीडी में उपचार के बाद वापस जेल भेज दिया गया था. इस बार उसे भर्ती कर विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है.