बिजुलिया-इलेक्ट्रोस्टील मार्ग पर सोलोखाता में टेलर की चपेट में आने से सियालजोरी निवासी लक्ष्मण महतो के पालतू कुत्ते की मौत हो गयी. श्री महतो और उनके परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. श्री महतो सोलोखाता में राशन दुकान चलाते हैं. उन्होंने कहा कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे कुत्ता दुकान के सामने बैठा हुआ था. इसी दौरान चास की ओर से इलेक्ट्रोस्टील प्लांट की तरफ जा रहे टेलर (बीआर-57E-5883) ने कुत्ते को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. इधर, सड़क जाम की सूचना पर सियालजोरी पुलिस पहुंची और समझाने का प्रयास किया. देर रात जाम हटा दिया, टेलर को रोके रखा गया. शनिवार को सियालजोरी थाना में वार्ता हुई. टेलर मालिक और श्री महतो के बीच 30 हजार रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी. वार्ता के दौरान थाना प्रभारी रणजीत प्रसाद यादव व अन्य लोग उपस्थित थे.