Bokaro News : तलगड़िया. सियालजोरी थाना क्षेत्र स्थित फोरलेन सड़क पर मंगलवार को इलेक्ट्रो स्टील वेदांता का एक मजदूर अली अहमद ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे गंभीर अवस्था में चास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अली अहमद ड्यूटी खत्म होने के बाद बाइक से अपने घर बोकारो के जाला गांव जा रहा था. इसी क्रम में उसकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गयी. घटना से आक्रोशित मजदूरों ने आरएमएसएच गेट के समीप लालडीह फोरलेन सड़क को जाम कर दिया. सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी एवं कंपनी के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे. बाद में कंपनी प्रबंधन, प्रशासन और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच वार्ता में कंपनी प्रबंधन ने घायल मजदूर के इलाज का पूरा खर्च वहन करने, काम पर लौटने योग्य होने तक उनका वेतन देने तथा अन्य आवश्यक लाभ उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, तब जाकर सड़क जाम हटाया गया. वार्ता में कंपनी पदाधिकारी अमर कुमार, राकेश मिश्रा, सुमित कुमार, मजदूर प्रतिनिधि एवं मुखिया रोहित रजक, संजय कुमार, विद्यासागर महतो, शेर मोहम्मद, मिराज अंसारी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे.