Siwan News: भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र की कौड़ियां पंचायत के लहुड़ी कौड़ियां गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कुल 18 लोग घायल हो गए.
सीएचसी में कराया गया इलाज, एक महिला सिवान रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से मिली जानकारी के अनुसार सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश घायलों को घर भेज दिया गया. वहीं गंभीर रूप से घायल ज्योति कुमारी की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सिवान रेफर किया गया.
घायलों में जितेंद्र राय, हाकिम राय, अरविंद राय, सुनीता देवी, ज्योति कुमारी, संतोष कुमार सहित अन्य लोग शामिल हैं.
14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि एक पक्ष के हाकिम राय के आवेदन पर रामेश्वर राय, परमेश्वर राय, बीरेंद्र राय, हरेंद्र राय, राम इकबाल राय सहित कुल 14 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
तनाव को देखते हुए 5 आरोपी गिरफ्तार
गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोनू कुमार, राज किशोर राय, बृज किशोर राय, हरेंद्र राय तथा परमेश्वर राय को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें: सारण में विशेष वाहन जांच अभियान, 41 वाहनों की जांच, 52,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया
