Patna Indoor Botanical Garden: बिहार की राजधानी पटना को जल्द ही एक ऐसा शानदार तोहफा मिलने जा रहा है, जो पूरे देश में अब तक किसी भी शहर के पास नहीं है. सिंगापुर की तर्ज पर पटना में देश का पहला इनडोर बॉटेनिकल गार्डन (Indoor Botanical Garden) बनाया जाएगा. इसके बन जाने के बाद पटना के लोग एक ही छत के नीचे सालभर बेहतरीन मौसम का अहसास करते हुए दुर्लभ पेड़-पौधों को देख सकेंगे. इससे पर्यटन और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए यह एक बेहद शानदार कदम है.
क्या होता है इनडोर बॉटेनिकल गार्डन?
आसान शब्दों में कहें तो यह एक ऐसा पार्क होता है जो चारों तरफ से और ऊपर से पूरी तरह से पैक रहता है. इसके अंदर पेड़-पौधों को जिंदा रखने और बढ़ाने के लिए मशीनों की मदद से मनचाहा मौसम तैयार किया जाता है. बाहर चाहे कड़ाके की धूप हो, ठंड हो या बारिश, अंदर का तापमान, नमी, रोशनी और पानी को आधुनिक तकनीक से कंट्रोल किया जाता है. इस वजह से अलग-अलग देशों और अलग जलवायु में उगने वाले पौधे भी यहां आसानी से जिंदा रह सकते हैं. इसमें देश-विदेश की दुर्लभ जड़ी-बूटियां और औषधीय पौधे भी देखने को मिलेंगे.
जेपी गंगा पथ के पास 5 एकड़ में होगा तैयार
इस अनोखे इनडोर गार्डन को पटना के मशहूर जेपी गंगा पथ के बगल में मौजूद 5 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा. इसकी छत मजबूत टेंपर्ड ग्लास या पारदर्शी प्लास्टिक से बनी होगी ताकि सूरज की रोशनी अंदर आ सके.
बिहार राज्य पथ विकास निगम ने इसका पूरा प्लान तैयार कर लिया है. इस पार्क में लोगों के घूमने, टहलने और बैठने के लिए बेहतरीन इंतजाम होंगे. क्योंकि यह देश का अपने आप में पहला और अनोखा प्रोजेक्ट है. यहां एंट्री के लिए लोगों को टिकट लेना होगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
घूमते-घूमते पर्यावरण का पाठ पढ़ेंगे बच्चे
यह गार्डन सिर्फ घूमने-फिरने की जगह नहीं होगा, बल्कि लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक भी करेगा. यहां आने वाले स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को दुर्लभ पौधों के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिलेगा. सबसे अच्छी बात यह है कि यहां ऐसे पौधों की भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिन्हें लोग आसानी से अपने घरों या कमरों के अंदर उगा सकते हैं. इससे आम लोगों को अपने घरों में हरियाली बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का शेड्यूल जारी, 3687 पदों के लिए 15 जुलाई तक करें आवेदन
नितिन नवीन की विरासत कौन संभालेगा? पटना की बांकीपुर सीट के लिए तीन नाम रेस में आगे
