Siwan News : थाना क्षेत्र के नगवां गांव में करीब 14 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है. इस मामले में एक महिला ने अपने ही पट्टीदार परिवार के सात लोगों के विरुद्ध भगवानपुर हाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगवां गांव निवासी रितिक सिंह की पत्नी ब्यूटी कुमारी ने शनिवार को थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया कि वह घर में स्नान कर रही थीं. इसी दौरान उनके कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए.
इन गहने की हुई चोरी
महिला के अनुसार चोरी हुए आभूषणों में करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने के हार, मांग टीका, नथ, 15 अंगूठियां, कंगन, झुमका, तीन सेट कर्णफूल, दो मंगलसूत्र, चेन समेत अन्य जेवर शामिल हैं. इसके अलावा लगभग 1.80 लाख रुपये मूल्य के चांदी के कमरकस, मेहंदी छल्ला, दो चोटी, 15 जोड़ी बिछिया तथा चार जोड़ी पायल भी चोरी कर ली गई.
इनलोगों को बनाया आरोपी
इस मामले में महिला ने अपने पट्टीदार सुशील सिंह, रूपवती देवी, शुभम कुमार, सिन्नी कुमारी, गुडी देवी, राजन सिंह तथा अर्पित कुमार को नामजद आरोपित बनाया है.
मामले की जांच की जा रही
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: राजद के 30वां स्थापना दिवस पर पूर्व विधायक बोले- कार्यकर्ताओं की ताकत ही पार्टी की बड़ी पूंजी
