Sitamarhi Ward Development: नगर निगम की बड़ी पहल, सभी 46 वार्डों में लगेंगी 2500 एलइडी लाइटें
Sitamarhi Ward Development: नगर निगम की बैठक में महापौर की अध्यक्षता में कई योजनाओं के टेंडर खोले गए.अब शहर के सभी 46 वार्डों में 2500 एलइडी लाइटें और दो-दो समरसेबुल लगाए जाएंगे, जिससे रोशनी और पानी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी.
सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट
Sitamarhi Ward Development: सीतामढ़ी शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और सड़कों को रोशन करने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है.नगर निगम कार्यालय के सभाकक्ष में महापौर रौनक जहां परवेज की अध्यक्षता में संविदा एवं निस्तारण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.इस बैठक में शहर के विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई अहम योजनाओं की तकनीकी निविदा (टेंडर) खोली गई, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी.
गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी के साथ बढ़ेगी सुरक्षा
बैठक में नगर निगम के सभी 46 वार्डों में 2500 नई एलइडी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना को आगे बढ़ाते हुए तकनीकी निविदा खोली गई.इस बड़ी योजना के धरातल पर उतरने के बाद शहर की मुख्य सड़कों, रिहाइशी गलियों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित होगी.इससे आम नागरिकों को रात में आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और शहरी सुरक्षा का माहौल भी बेहतर होगा.
हर वार्ड में लगेंगे दो-दो समरसेबुल
शहरी क्षेत्र में पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रत्येक वार्ड में दो-दो समरसेबुल स्थापित करने की योजना पर भी तकनीकी निविदा खोली गई.इसके साथ ही सरकार की नई गाइडलाइन के अनुरूप एक लाख रुपये तक के छोटे विकास कार्यों को अल्पकालिक निविदा के माध्यम से स्थानीय स्तर पर तेजी से पूरा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है.इससे वार्डों के छोटे-मोटे कार्यों के निष्पादन में तेजी आएगी.
तकनीकी जांच के बाद संवेदकों को आवंटित होगा काम
इस पूरी निविदा प्रक्रिया में एलइडी लाइट योजना के लिए नौ, समरसेबुल योजना के लिए नौ तथा अल्पकालिक निविदा के लिए 17 एजेंसियों और संवेदकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है.अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की वित्तीय प्रक्रिया शुरू की जाएगी.बैठक में उप महापौर आशुतोष कुमार, नगर आयुक्त डॉ गजेंद्र प्रसाद सिंह सहित कई वार्ड पार्षद और नगर निगम के पदाधिकारी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: रीगा पंचायत में डीडीसी के निरीक्षण से मचा हड़कंप, अनियमितता पर आवास सहायक सेवामुक्त
