Sitamarhi Road Accident: स्कॉर्पियो और टेम्पो की टक्कर में एक की मौत, एक गंभीर, सड़क जाम
Sitamarhi Road Accident: परिहार थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो और टेम्पो की टक्कर में सुतिहारा निवासी मनोज साह की मौत हो गई, जबकि वार्ड सदस्य राजू साह गंभीर हैं. आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर सोमवार सुबह से जाम लगा दिया है.
सीतामढ़ी से परिहार से मो दुलारे की रिपोर्ट
Sitamarhi Road Accident: जिले के परिहार थाना क्षेत्र से सोमवार को एक बड़े हादसे और हंगामे की खबर सामने आई है. कुम्मा-सुरसंड हाईवे पर स्थित सुतिहारा गांव में रविवार की शाम स्कॉर्पियो और टेम्पो के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं इस हादसे में दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है.
सुतिहारा चौक के समीप हुई आमने-सामने की टक्कर
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम टेम्पो सवार व्यक्ति आवश्यक कार्य से सुरसंड बाजार की तरफ जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा सुरसंड की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो कुम्मा की ओर बढ़ रही थी. जैसे ही दोनों वाहन सुतिहारा चौक के नजदीक पहुंचे, उनके बीच जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक और उस पर सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से भागने में सफल रहे. हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है.
मृतक की पहचान और वार्ड सदस्य गंभीर रूप से घायल
इस सड़क हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान सुतिहारा गांव निवासी विश्वनाथ साह के 44 वर्षीय पुत्र मनोज साह के रूप में की गई है. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से जख्मी व्यक्ति की पहचान स्थानीय वर्तमान वार्ड सदस्य राजू साह के रूप में हुई है, जो जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं.
सुबह से शव सड़क पर रख ग्रामीणों का प्रदर्शन
हादसे से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने सोमवार की सुबह से ही मृतक मनोज साह के शव को मुख्य पथ पर रखकर सड़क जाम कर दिया है. ग्रामीण मुआवजे और स्कॉर्पियो चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर एसडीओ, डीएसपी, बीडीओ ओमप्रकाश, और परिहार थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव भारी पुलिस बल के साथ मौजूद हैं. अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे हैं.
ये भी पढ़ें: बाइक की ठोकर से 11 वर्षीय बच्ची की मौत, चालक गंभीर रूप से जख्मी
