Sitamarhi Road Accident: बाइक की ठोकर से 11 वर्षीय बच्ची की मौत, चालक गंभीर रूप से जख्मी

Sitamarhi Road Accident: जिला के बेला थाना क्षेत्र के भेरड़हिया गांव में रविवार शाम बाइक की ठोकर से 11 वर्षीय बच्ची पायल कुमारी की मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

By सुनील कुमार सिंह | July 6, 2026 8:38 AM

सीतामढ़ी के बेला से रघुनाथ प्रसाद की रिपोर्ट

Sitamarhi Road Accident: जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. जिला अंतर्गत बेला थाना क्षेत्र के भेरड़हिया गांव में रविवार की शाम एक तेज रफ्तार बाइक की ठोकर लगने से 11 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. इस भीषण सड़क दुर्घटना के बाद स्थानीय गांव में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान भेरड़हिया गांव के निवासी दिलीप पासवान की पुत्री पायल कुमारी (11 वर्ष) के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि रविवार की शाम बच्ची किसी काम से सड़क के पास थी, तभी एक अनियंत्रित बाइक ने उसे जोरदार ठोकर मार दी. ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया.

बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल

इस दुर्घटना में बाइक चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है. घायल चालक की पहचान बेला थाना क्षेत्र के ही हनुमान नगर गांव के निवासी के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से जख्मी बाइक चालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही बेला थाने की पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया और उसे थाना लेकर आई. मामले की जानकारी देते हुए बेला थानाध्यक्ष अचल अनुराग ने बताया कि पुलिस ने मृत बच्ची के शव को अपने कब्जे में ले लिया है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

ये भी पढ़ें: सीता रसोई हटाने की चर्चा से संत-श्रद्धालु चिंतित, प्रशासन से पुनर्विचार की मांग