सीतामढ़ी: रिंग रोड से अतिक्रमण हटाने का तीसरा चरण, अवैध ढांचे ध्वस्त, मंत्री आवास का ढांचा भी टूटा

सीतामढ़ी में रिंग रोड से अतिक्रमण हटाने के तीसरे चरण का अभियान पूरा हो गया. प्रशासन ने दर्जनों अवैध ढांचे ध्वस्त कर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया. कार्रवाई के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई, जबकि रिंग रोड निर्माण का रास्ता साफ हो गया. पढ़ें पूरी खबर...

By Sarfaraz Ahmad | June 9, 2026 5:57 PM

सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट

Sitamarhi News: शहर के करीब ढाई दशक से जर्जर पड़े तीनों रिंग रोड के जीर्णोद्धार कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने रविवार को तीसरे चरण का अभियान चलाया. इस दौरान मथुरा हाईस्कूल रोड स्थित काली मंदिर के पास से लेकर लखनदेई पुल के उत्तरी दिशा वाले रिंग बांध पर रेलवे पुल के समीप स्थित पुराने पोस्टमार्टम हाउस तक दर्जनों अवैध ढांचों को ध्वस्त कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया.

तीन चरणों में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

प्रशासन के अनुसार पहले चरण में गौशाला अंबेडकर चौक से पासवान चौक तक अतिक्रमण हटाया गया था. दूसरे चरण में पासवान चौक से लक्ष्मणा नगर तक अभियान चलाया गया. तीसरे चरण में नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शेष हिस्से को खाली कराया गया. कार्रवाई के दौरान कई पक्के और अस्थायी निर्माण ध्वस्त किए गए.

मंत्री के आवासीय सह नर्सिंग होम का ढांचा भी टूटा

https://www.prabhatkhabar.com/wp-content/uploads/2026/06/WhatsApp-Video-2026-06-07-at-7.34.54-PM-online-video-cutter.com_.mp4

अभियान के दौरान समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता के आवासीय सह नर्सिंग होम परिसर से जुड़े कथित अवैध ढांचे पर भी बुलडोजर चलाया गया. यह कार्रवाई पूरे अभियान के दौरान चर्चा का विषय बनी रही. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी किया गया था.

पोल गिरने से महिला पुलिसकर्मी घायल

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक पुराना बिजली पोल गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक महिला सिपाही घायल हो गईं. उन्हें तत्काल इलाज के लिए भेजा गया. अभियान के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

मापी में गड़बड़ी की कोशिश नाकाम

अभियान का नेतृत्व रीगा सीओ ममता ने किया. उनके साथ आरओ प्रिया शर्मा, डीपीआरओ कुंदन चौधरी, राजस्व एवं नगर निगम के कर्मी तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था.

अधिकारियों ने बताया कि कुछ अतिक्रमणकारियों ने सरकारी निशानों को हटाकर नए निशान लगाकर भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की थी, लेकिन अमीनों की टीम की मौजूदगी में यह प्रयास विफल कर दिया गया.

अब निर्माण कार्य को मिलेगी गति

प्रशासन का कहना है कि रिंग रोड से अतिक्रमण हटने के बाद अब लंबे समय से लंबित जीर्णोद्धार कार्य में तेजी आएगी और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.