डीएम का सख्त अल्टीमेटम, 15 जुलाई तक नहीं हुई CMR आपूर्ति तो होगी कार्रवाई

Sitamarhi News: सीतामढ़ी डीएम रिची पांडेय ने खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत शेष CMR की आपूर्ति 15 जुलाई तक पूरी करने का निर्देश दिया है. समय-सीमा का पालन नहीं करने पर पैक्स, व्यापार मंडल और राइस मिलरों पर कार्रवाई होगी.

By Rakesh Kumar Raj | July 5, 2026 10:07 AM

Sitamarhi News: सीतामढ़ी में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत शेष कस्टम मिल्ड राइस (CMR) की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. जिलाधिकारी रिची पांडेय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 15 जुलाई 2026 तक हर हाल में शेष सीएमआर की आपूर्ति पूरी की जाए. निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित पैक्स, व्यापार मंडलों और राइस मिलरों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित अधिप्राप्ति टास्क फोर्स की बैठक में डीएम ने धान से तैयार होने वाले सीएमआर और रवि विपणन मौसम 2026-27 के गेहूं अधिप्राप्ति कार्यों की विस्तार से समीक्षा की.

यह भी पढ़ें: साहू पोखर से गरीबनाथ मंदिर तक बदलेगा पूरा इलाका, बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर का मास्टर प्लान तैयार

85.89 प्रतिशत सीएमआर की हो चुकी है आपूर्ति

बैठक में बताया गया कि जिले में 68,836.15 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति के विरुद्ध 47,276.67 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति होनी है.

अब तक 40,605.30 मीट्रिक टन सीएमआर राज्य खाद्य निगम, सीतामढ़ी को उपलब्ध कराया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 85.89 प्रतिशत है. अभी लगभग 14 प्रतिशत सीएमआर की आपूर्ति शेष है.

CMR आपूर्ति की स्थिति

विवरणमात्रा
अधिप्राप्त धान68,836.15 मीट्रिक टन
देय CMR47,276.67 मीट्रिक टन
अब तक आपूर्ति40,605.30 मीट्रिक टन
उपलब्धि85.89%
शेष आपूर्तिलगभग 14%

समितिवार और मिलवार हुई समीक्षा

डीएम ने समितिवार और मिलवार प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पैक्स, व्यापार मंडलों और राइस मिलरों को निर्देश दिया कि 15 जुलाई 2026 तक शेष धान की मिलिंग पूरी कर राज्य खाद्य निगम को शत-प्रतिशत सीएमआर उपलब्ध कराएं.

उन्होंने सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों, जिला सहकारिता पदाधिकारी और राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को आपसी समन्वय बनाकर लक्ष्य समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया.

गेहूं अधिप्राप्ति की भी हुई समीक्षा

बैठक में रवि विपणन मौसम 2026-27 के तहत गेहूं अधिप्राप्ति की भी समीक्षा की गई.

अधिकारियों ने बताया कि 1 अप्रैल से 15 जून 2026 के बीच जिले के 149 किसानों से 571.20 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई. इसके विरुद्ध अब तक 515.50 मीट्रिक टन गेहूं राज्य खाद्य निगम को उपलब्ध कराया जा चुका है.

गेहूं अधिप्राप्ति की स्थिति

विवरणआंकड़ा
किसानों की संख्या149
खरीदा गया गेहूं571.20 मीट्रिक टन
अब तक आपूर्ति515.50 मीट्रिक टन
अंतिम तिथि12 जुलाई 2026

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 12 जुलाई 2026 तक शेष गेहूं की भी शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.

उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि धान और गेहूं अधिप्राप्ति से जुड़े सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जा सकें. निर्धारित अवधि के बाद लापरवाही मिलने पर संबंधित संस्थाओं और जिम्मेदार पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: हर साल क्यों डूब जाता है मुजफ्फरपुर? नेपाल से लेकर बूढ़ी गंडक तक जानिए बाढ़ की पूरी कहानी