सीतामढ़ी: एमएसपी, कर्ज माफी और रोजगार की मांग को लेकर किसान-मजदूर-युवा संगठनों का प्रदर्शन

सीतामढ़ी में किसान, मजदूर और युवा संगठनों ने समाहरणालय पर प्रदर्शन कर 14 सूत्री मांग-पत्र सौंपा. प्रदर्शनकारियों ने एमएसपी को कानूनी दर्जा, कर्ज माफी और रोजगार की मांग उठाई. पढ़ें पूरी खबर...

By Sarfaraz Ahmad | May 25, 2026 7:30 PM

सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट

Sitamarhi News: अखिल भारतीय किसान सभा, बिहार राज्य खेत मजदूर यूनियन और ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद डीएम को 14 सूत्री मांग-पत्र सौंपा गया.

किसानों के लिए उठाई गईं कई मांगें

ज्ञापन में किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी दर्जा देने, संपूर्ण कर्ज माफी, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, फसल बीमा और मंडी व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई.

संगठनों ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जिससे आर्थिक संकट लगातार बढ़ रहा है.

मजदूरों के लिए 200 दिन काम की मांग

मजदूरों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए नेताओं ने मनरेगा में 200 दिन काम देने, भूमिहीनों को बासगीत पर्चा, 10 डिसमिल जमीन और पक्का मकान देने की मांग की.

इसके अलावा राशन कार्ड और 10 हजार रुपये मासिक पेंशन की भी मांग रखी गई.

युवाओं के लिए रोजगार और भत्ता की मांग

प्रदर्शनकारियों ने युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने या 10 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने की मांग उठाई.

साथ ही युवा बैंक की स्थापना और सीतामढ़ी में नए विश्वविद्यालय खोलने की मांग भी की गई.

भ्रष्टाचार और जल संकट का मुद्दा भी उठा

ज्ञापन में दाखिल-खारिज में भ्रष्टाचार रोकने, महंगाई नियंत्रित करने और जल संकट दूर करने के लिए नदी जोड़ो योजना तथा स्लुइस गेट निर्माण की मांग की गई.

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा.

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल

प्रदर्शन में किसान सभा के जिला सचिव जयप्रकाश राय, अध्यक्ष बैद्यनाथ हाथी, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के राज्य सचिव मो गयासुद्दीन, जिला सचिव बबलू राय, खेत मजदूर यूनियन के सचिव नरेश पासवान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.