रोहतास में नगर निगम बेखबर : NH-2C पर जलजमाव से बढ़ा हादसों का खतरा, गैस एजेंसी के पास सड़क बनी तालाब

Water Logging Problem Sasaram : रोहतास के तिलौथू में NH-2C पर जलजमाव की समस्या से लोगों को भारी परेशानी हो रही है. गैस एजेंसी के पास नाला जाम होने से सड़क पर पानी भर गया है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ.

By Ragini Sharma | June 30, 2026 8:50 AM

Water Logging Problem Sasaram : रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड में एनएच-2सी डेहरी-तिलौथू मुख्य मार्ग पर जलजमाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. स्थानीय गैस एजेंसी के पास सड़क किनारे बने नाले के जाम होने से हालात ऐसे बन गए हैं कि सड़क पर तालाब जैसा दृश्य दिखाई देता है. इस वजह से यहां से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही हर समय दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की सफाई नहीं होने के कारण पानी सड़क पर फैल जाता है. इससे न सिर्फ आवागमन प्रभावित होता है, बल्कि बदबूदार पानी के चलते आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है. पैदल चलने वालों के लिए तो यह रास्ता पार करना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है.

कई बार हो चुकी हैं दुर्घटनाएं

ग्रामीणों के मुताबिक इस जगह पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं. जलजमाव के कारण सड़क फिसलन भरी हो जाती है, जिससे बाइक और साइकिल सवार अक्सर गिरकर घायल हो जाते हैं. वहीं, यह स्थान एक तीखा मोड़ भी है, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है. दिनभर इस मार्ग पर हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिससे जोखिम और भी अधिक हो जाता है.

सड़क पर जमा हो रहा पानी

बदबूदार पानी से बीमारी का खतरा

सड़क पर जमा गंदा पानी धीरे-धीरे सड़ने लगता है, जिससे तेज बदबू फैलती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कारण मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है और संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है. अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो इलाके में बीमारी फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

कई बार की गई शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. लोगों का आरोप है कि एनएच विभाग इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहा है, जिससे आम जनता को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

रोहतास में नगर निगम बेखबर : nh-2c पर जलजमाव से बढ़ा हादसों का खतरा, गैस एजेंसी के पास सड़क बनी तालाब 3

तिलौथू में एनएच-2सी पर जलजमाव की यह समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है. अगर जल्द ही नाले की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले समय में बड़े हादसे हो सकते हैं. प्रशासन और एनएच विभाग को चाहिए कि इस मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए तत्काल समाधान निकाले, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके.

Also Read : रोहतास के नासरीगंज में छापेमारी, 10 हजार लीटर अवैध शराब और उपकरण नष्ट, तस्कर फरार