रोहतास में पंचायत सरकार भवन निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, डीडीसी के जनता दरबार पहुंची शिकायत
Rohtas News : रोहतास के नोखा प्रखंड की दक्षिणी बाँव पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन को लेकर कथित अनियमितता का मामला अब डीडीसी के जनता दरबार तक पहुंच गया है.
Rohtas News : रोहतास के नोखा प्रखंड की दक्षिणी बाँव पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन को लेकर कथित अनियमितता का मामला अब डीडीसी के जनता दरबार तक पहुंच गया है. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. नगर विकास आयुक्त ने मामले की जांच कराने का भरोसा दिया है.
जनता दरबार में पहुंची निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत
दक्षिणी बाँव पंचायत के शिवपुर गांव निवासी राधेश्याम चौधरी और मुखिया प्रतिनिधि विवेक सिंह ने सोमवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के जनता दरबार में आवेदन देकर पंचायत सरकार भवन निर्माण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. आवेदन की प्रति नगर विकास आयुक्त को भी भेजी गई है.
मिट्टी कटाई और मानकों की अनदेखी का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पंचायत सरकार भवन के पूर्वी हिस्से से सटे खेत से ठेकेदार द्वारा मिट्टी की कटाई कर उसी मिट्टी से भवन परिसर की भराई कराई जा रही है. उनका कहना है कि इससे निजी भूमि को नुकसान पहुंच रहा है और निर्माण कार्य भी निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है.
पहले भी की थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले भी संबंधित अधिकारियों से की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसी कारण उन्हें दोबारा डीडीसी के जनता दरबार में आवेदन देना पड़ा.
जांच के बाद होगी कार्रवाई : नगर विकास आयुक्त
शिकायतकर्ता राधेश्याम चौधरी ने निर्माण कार्य की तकनीकी और गुणवत्ता संबंधी जांच कराने के साथ दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में नगर विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है. मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी. यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो संबंधित संवेदक और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : सासाराम में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, रेलवे ट्रैक पार करते वक्त हुआ हादसा
