रोहतास में NH-19 पर ट्रेलर से भिड़ा बेकाबू डंपर, चालक घायल, पुलिस जांच में जुटी
Rohtas Accident News : रोहतास के शिवसागर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सोमवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया. आउवा गेट के समीप एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक ट्रेलर से टकरा गया. हादसे में डंपर चालक घायल हो गया.
Rohtas Accident News : (सुजीत कुमार) रोहतास के शिवसागर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सोमवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया. आउवा गेट के समीप एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक ट्रेलर से टकरा गया. हादसे में डंपर चालक घायल हो गया, जबकि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और पुलिस मौके पर पहुंची.
Rohtas News : आउवा गेट के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे आरपी-3 के अंतर्गत चेनज संख्या 905+730 के पास हुआ. तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे ट्रक ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने चालक को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायल चालक को डंपर से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद एंबुलेंस से उसे सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया.
उत्तर प्रदेश का रहने वाला है घायल चालक
घायल चालक की पहचान 40 वर्षीय ओमप्रकाश यादव के रूप में हुई है. वह उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जिनपुर थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव का निवासी है. चिकित्सकों के अनुसार चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है.
कुछ देर बाधित रहा आवागमन
दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. बाद में हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर आवागमन सामान्य कराया. शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
