तेज आंधी-बारिश से संझौली-राजपुर सड़क पर गिरा पेड़, आवागमन बाधित

SASARAM NEWS.सोमवार को दोपहर लगभग 2:00 बजे आयी तेज हवा के साथ भारी बारिश ने गांव से लेकर बाजार तक की सूरत बिगाड़ दी. तेज हवा की चपेट में आने से कई जगह छोटे-बड़े पेड़ और उनकी टहनियां टूट गयीं.

By ANURAG SHARAN | May 4, 2026 5:28 PM

संझौली.

सोमवार को दोपहर लगभग 2:00 बजे आयी तेज हवा के साथ भारी बारिश ने गांव से लेकर बाजार तक की सूरत बिगाड़ दी. तेज हवा की चपेट में आने से कई जगह छोटे-बड़े पेड़ और उनकी टहनियां टूट गयीं. अंचल क्षेत्र के चैता बहोरी गांव के समीप हनुमान मंदिर के पास संझौली-राजपुर सड़क पर एक विशाल कदम का पेड़ गिर जाने से आवागमन घंटों बाधित रहा. पैदल, दोपहिया और साइकिल सवार किसी तरह खेतों के रास्ते आते-जाते देखे गये, जबकि तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को दूसरे रास्ते से अधिक दूरी तय कर आवागमन करना पड़ा. इधर, तेज हवा और भारी बारिश से प्याज की फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गयी है. किसान राम नरेश सिंह, सुरेंद्र कुमार सिंह, राम जग सिंह सहित कई किसानों ने बताया कि वे लोग खेत में तैयार प्याज की फसल एक-दो दिन में निकालने वाले थे, लेकिन अचानक आई तेज हवा और बारिश के कारण फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गयी है. किसानों का कहना है कि तैयार प्याज की फसल बारिश और पानी के संपर्क में आते ही सड़ने लगती है.