Sasaram News : विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले शुरू होगा रोहतासगढ़ किला तक रोपवे

बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले रोहतासगढ़ किला तक रोपवे शुरू हो जायेगा.

By PRABHANJAY KUMAR | September 23, 2025 8:32 PM

अकबरपुर. बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले रोहतासगढ़ किला तक रोपवे शुरू हो जायेगा. संभवत: अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे. यह चर्चा रोपवे निर्माण में लगी कंपनी के युद्धस्तर पर किये जा रहे कार्य को देखने से होने लगा है. निर्माण में लगी रोपवे एंड रिसोर्स प्राइवेट कंपनी के साइड इंचार्ज सुबोजित राय ने बताया कि काम जल्द पूरा करने का निर्देश है. एरेकशन, रोप खींचने, मोटर एलाइनमेंट व रोप ज्वाइंटर जैसे चार कार्य के लिए चार कंपनियों को काम दिया गया है. उम्मीद है कि अक्तूबर के पहले सप्ताह में कंपनी कार्य पूर्ण कर सरकार को हैंड ओवर कर देगी. उन्होंने बताया कि 1324 मीटर की दूरी तय करने वाला इस रोपवे में पांच टावर हैं, जिसमें तीसरे से चौथे टावर पर पहुंचने के लिए 37 डिग्री की चढ़ाई बन रही है. ज्ञात हो कि 12 फरवरी 2020 को जब रोपवे का कार्य आरंभ हुआ था, तो सरकार ने संवेदक को कार्य पूर्ण करने के लिए मात्र दो वर्ष का समय दिया था. मगर धीरे-धीरे पांच वर्ष बीत गये और अभी भी कुछ कार्य शेष हैं. पर, इस बार संभावना बनी है कि अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में कार्य पूर्ण होने का. कार्यस्थल पर ट्रॉली आ चुकी है. लोगों में चर्चा है कि आचार संहिता लगने से पहले इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर सकते हैं. # रोपवे का स्टेशन रोपवे का पहाड़ी से नीचे रोहतास प्रखंड मुख्यालय के पास नर्सरी के समीप के स्टेशन से शुरू होगा, जो पहाड़ी पर रोहतासगढ़ किला से करीब दो किलोमीटर दूर चौरासन शिव मंदिर के धर्मशाला के स्टेशन तक जायेगा. धर्मशाला से रोहतासगढ़ किला तक पैदल या फिर वाहन से जाना होगा. # एक नजर रोपवे पर कुल टावर : सात, इसमें एक लोअर ( एलटीआर) व एक अपर (यूटीआर)शामिल कितनी दूरी : 1324 मीटर ट्राॅली : आरंभ में 12, बाद में 18 स्टेशन : दो, पहला नर्सरी रोहतास, दूसरा धर्मशाला रोहितेशवर मंदिर कुल लागत : आठ करोड़ रुपये कंपनी का नाम : रोपवे एंड रिसोर्स प्राइवेट कंपनी कोलकाता विभाग से टेंडर – पुल निर्माण विभाग पटना

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है